
जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा की खरीदी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 14 अक्टूबर तक किए जाएंगे। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि किसान ग्राम पंचायत कार्यालय के सुविधा केन्द्र, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय, सहकारी समितियों और खरीदी केन्द्रों में निशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। एमपी किसान एप अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर किसान खुद भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क सेंटर, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र और साइबर कैफे से भी पंजीयन करा सकते हैं।
ये दस्तावेज जरूरी होंगे
कलेक्टर ने बताया कि धान और मोटे अनाजों की खरीदी की प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए किसानों को अपने आधार कार्ड, बोये गए अनाज के रकबे की जानकारी के लिए ऋण पुस्तिका की प्रति, आधार सीडेड बैंक खाते और बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की जानकारी देना जरूरी होगा।
जन-धन खाते नहीं होंगे स्वीकार
जनधन खाते, अक्रिय बैंक खाते, संयुक्त बैंक खाते और फिनो, एयरटेल, पेटीएम बैंक खाते रजिस्ट्रेशन में मान्य नहीं होंगे। किसानों के बैंक में राशि का भुगतान आधार नंबर और फोन नंबर के आधार पर ही किया जाएगा। जहां पहले रजिस्टर्ड किसानों और नए किसानों की भूमि का रकबा, फसल और फसल के किस्म की जानकारी ली जाएगी। रजिस्ट्रेशन ओपीडी के जरिए किया जाएगा।