
दमोह शहर के प्राइवेट बस स्टैंड पर करवा चौथ की रात करीब 8 बजे चाकू के हमले में एक महिला की मौत हो गई है। हत्या का आरोप उसके पति पर लग रहा है। प्रत्यक्षदर्शी एक मासूम बच्चे के अनुसार पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या की है। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने को तैयार नहीं है
जानकारी के अनुसार फुटेरा वार्ड 2 निवासी गीता ठाकुर और उसके पति राजा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान राजा ने अपनी पत्नी को चाकू मार कर घायल कर दिया।
लेकिन पुलिस के पास एक और थ्योरी है। जिसमें ये बताया जा रहा है कि किन्हीं दो लोगों का विवाद हुआ है और उस दौरान चाकू चला है। हालांकि पुलिस यह भी कह रही है कि महिला के पति पर चाकू मारने का आरोप है। घटनाक्रम क्यों और कैसे हुआ है? इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है।
बस स्टैंड पर मौजूद एक बच्चे का कहना है कि राजा ठाकुर उसकी बस चलता है। पत्नी और राजा दोनों बैठे हुए थे। तभी दो लोग आए जिससे राजा का विवाद होने लगा और इसी बीच राजा ने चाकू निकाल कर अपनी पत्नी को मार दिया। महिला को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी मौत होगई।
टीआई आनंद सिंह ने बताया कि आरोपी पति का कहना है कि कोई दो लोग थे। जिन्होंने उसकी पत्नी की हत्या की है। लेकिन बाकी लोग पति पर आरोप लगा रहे हैं। सच्चाई जानने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।