
दमोह में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्कूल में पढ़ने वाली 9वीं की दो छात्राएं लापता हाे गईं। शुक्रवार सुबह दोनों छात्राओं के परिजन उन्हें स्कूल के मुख्य गेट तक छोड़कर गए थे, लेकिन वे क्लास में नहीं पहुंचीं। रात करीब 10:00 बजे दोनों छात्राओं के परिजन कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली टीआई आनंद सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे परिजन ने बच्चियों को रोज की तरह स्कूल के गेट पर छोड़ा। इसके बाद वापस चले गए। शाम को जब बेटियां घर नहीं पहुंचीं, तो खोजबीन शुरू की।
रात तक बच्चियों के बारे में कुछ नहीं पता चला, तो फिर रिपोर्ट करने आए। मामले की जानकारी एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी को दी गई। उनके निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग क्षेत्र में छात्राओं की तलाश कर रही हैं।
प्राचार्य बोलीं- छात्राएं क्लास में नहीं गई
एमएलबी स्कूल की प्राचार्य अर्चना जैन ने बताया कि दोनों छात्राओं को परिजन स्कूल छोड़कर गए थे। स्कूल में प्रवेश करने के लिए दो गेट हैं। एक मुख्य मार्ग पर और एक बीच में हैं। दोनों छात्राओं ने स्कूल के पहले गेट से प्रवेश तो किया, लेकिन भीतर नहीं गईं। दोनों की क्लास में अटेंडेंस अनुपस्थित है। दोनों के सेक्शन भी अलग-अलग हैं। एक 9 सी में है और दूसरी 9 ए सेक्शन में पढ़ती है।