
खुरई। खुरई के बीना रोड स्थित गैस गोदाम के पास शुक्रवार की रात को तेज रफ्तार बाइक ने एक गर्भवती महिला को टक्कर मार दी। टक्कर में महिला और बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को गंभीर हालत में सागर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार हर्ष पिता इमरत सौर (23) निवासी कोहा अपने साथी रवि लोधी के साथी अपने गांव से खुरई आ रहा था कि गैस गोदाम के पास निस्तार के जा रही श्रीबाई पति पहलाद रैकवार (25) को टक्कर मार दी। जिसमें महिला और बाइक सवार को गंभीर चोटें आई।
महिला और बाइक सवार को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार हर्ष को सिर में गंभीर चोट आई है तो वहीं महिला श्रीबाई को पैर में फैक्चर आया है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर कर दिया गया है।
बाइक पर आई झपकी
बाइक सवार रवि लोधी ने बताया कि हर्ष गुजरात में प्राइवेट जॉब करता है और वह दीपावली पर घर आया था। उसे कुछ काम से खुरई जाना था इसलिए उसके साथ में भी चला गया, बाइक हर्ष चला रहा था और रास्ते में नींद की झपकी आने पर बाइक अनियंत्रित होकर महिला से टकरा गई। उन्होंने बताया कि उसे कोई चोट नहीं है लेकिन हर्ष को ज्यादा चोटें आई हैं।
