
अक्टूबर माह बीतने के बाद नवंबर की शुरुआत से ही सागर में रातें ठंडी होने लगी हैं। दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। पारा गिरने से रात के समय मौसम में ठंडक हो रही है। वहीं, दिन में धूप से हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। रविवार को सुबह से सागर का मौसम साफ रहा। दोपहर के समय तेज धूप निकली। हालांकि धूप के बीच आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही रही।
हवाओं में ठंडक रही। सागर में पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। जिससे शाम ढलते ही लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। देर रात सर्दी का असर बढ़ा है। रविवार को सागर का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री और न्यूनतम पारा 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट का सिलसिला अब जारी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर से ठंड का असर तेज होगा। पिछले दस साल से यही ट्रेंड है। हालांकि दिन में गर्मी का असर नवंबर के दूसरे सप्ताह तक बना रहेगा। इसके बाद पारा 30 डिग्री से नीचे पहुंचने का अनुमान है। उत्तरी हवाओं के कारण से तापमान में गिरावट आएगी। जिसके चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और सर्दी अपना असर दिखाना शुरू करेगी।