
जबलपुर में दीपावली की रात हुए विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बुधवार रात हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जमकर पथराव कर मारपीट की। घटना में दो भाइयों को गंभीर चोटें आई है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना गोहलपुर थाना के घोड़ा नक्कास क्षेत्र की है। दो पक्षों में हुए विवाद का वीडियो भी सामने आया है।
घायलों की शिकायत पर पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक पत्थरबाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पत्थरबाजी की घटना में दोनों भाई अजय और विजय के हाथ-पैर में चोट आई है।
जानकारी के मुताबिक घोड़ा नक्कास में रहने वाले सचिन नाम के व्यक्ति का दीपावली की रात जुआ खेलने की बात पर अजय से विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों की आपस में कहासुनी भी हुई थी। बाद में पड़ोसियों ने दोनों को अलग कर लड़ाई शांत करवाई।
पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए बुधवार रात सचिन अपने दोस्तों के साथ अजय के घर पहुंचा और पत्थर बरसाने लगा। बचने के लिए अजय अपने तीन भाइयों के साथ अंदर भागा। इस बीच पत्थरबाज बदमाश घर के अंदर घुस आए और जमकर पत्थरबाजी की।
14 सेकंड के वायरल वीडियो में बदमाश अजय के घर में पत्थर फेंकेते हुए दिखाई दे रहे है। घायल अजय ने बताया कि, सचिन क्षेत्र का शातिर बदमाश है, जिसका काम जुआ, सट्टा खिलाना है। दीपावली की रात बीच सड़क पर हमारे घर के पास ये लोग जुआ खेल रहे थे। मना करने पर विवाद किया। भाइयों ने विवाद करने से मना किया तो उनके साथ गाली-गलौच कर वहां से फरार हो गए। जाते-जाते देख लेने की धमकी दी।
उसी विवाद के बाद सचिन ने बुधवार देर रात साथियों के साथ घर पर पत्थर चलाए। फिलहाल गोहलपुर पुलिस ने अजय की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।