
सागर में मकरोनिया थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर की स्वास्तिक कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान में सेंध लगाई। चोर मकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात और लाइसेंसी बंदूक लेकर भाग गए। वारदात के समय परिवार कर्नाटक में अपने घर पूजा के लिए गया था।
वारदात सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, फरियादी त्रिलोक लारिया निवासी आदिनाथ वार्ड ने शिकायत करते हुए बताया कि जीजा अनिल हिवाले एक्स सर्विस मैन हैं। उनका मकान संजीवनी आश्रम के पीछे दुर्गानगर की स्वास्तिक कॉलोनी के सामने बना है।
कर्नाटक गया हुआ है परिवार
जीजा अनिल 2 नवंबर को परिवार के साथ कर्नाटक अपने घर पूजन के लिए गए थे। इस दौरान उनके मकान में ताला लगा था। मकान की चाबी सामने रहने वाले संतोष को दे गए थे। शुक्रवार को जीजा अनिल ने फोन कर मकान में चोरी होने की सूचना दी। जिसके बाद मैं उनके मकान पर पहुंचा। जहां देखा कि दरवाजा खुला है। अंदर सामान बिखरा पड़ा है।
नकद और लाइसेंसी बंदूक, कारतूस ले गए चोर
घर में रखी अलमारी का लॉक टूटा है और उसमें रखे 20 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात नहीं है। जीजा के फोन पर बताने के अनुसार सोने का हार, अंगूठी, कान की झुमकी, चांदी के सिक्के, पायल नहीं मिले।
इसके अलावा घर में रखी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक और कारतूस भी गायब थे। वारदात में चोरी गए सामान का सही वजन और अन्य जानकारी मकान मालिक अनिल के सागर आने पर पता चल सकेगी। मामले में पुलिस ने फरियादी त्रिलोक लारिया की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।