
सागर के रहली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को टिकीटोरिया-कांसल पिपरिया मार्ग पर ऑटो को बचाने के चक्कर में यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में 25 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। दो यात्रियों को गंभीर चोट आई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रहली अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, दमोह-बलेह यात्री बस शुक्रवार को सवारियां लेकर जा रही थी, तभी टिकीटोरिया-कांसल पिपरिया मार्ग पर अचानक ऑटो रिक्शा बस के सामने आ गया। ऑटो सामने देख ड्राइवर ने उसे बचाने के लिए बस के ब्रेक लगाए तो बस अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर जब तक बस को संभाल पाता वह सड़क किनारे मिट्टी के ढेर पर पलट गई।
दो यात्रियों को गंभीर चोट आई
हादसे के बाद मौके पर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। राहगीर मौके पर पहुंचे और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायलों को रहली अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में 25 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। जिनमें से दो यात्रियों को गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ब्रेक नहीं लगा तो ऑटो चपेट में आ जाता
बस में सवार यात्री धनराज ने बताया कि कुड़ा तला से रहली जा रहा था। रास्ते में अचानक ऑटो बस के सामने आ गया। बचाने के लिए ड्राइवर ने स्पीड में ब्रेक लगाए, जिससे बस अनियंत्रित हुई और मिट्टी के ढेर पर पलट गई। गनीमत रही कि बस ऑटो में नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना में बस में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, जनहानि नहीं हुई है। ड्यूटी डॉक्टर बसंत नेमा ने बताया कि बस दुर्घटना में करीब दो दर्जन घायल यात्री अस्पताल आए हैं, जिनका इलाज किया रहा है। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सामान्य घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
