
रीवा में रविवार-सोमवार की दरमियान रात टीआई की बहन की शादी में गोली चल गई। बदमाशों ने गोली टीआई राम सिंह पर चलाई थी, जो उनके भाई को लगी। कुल तीन राउंड फायर किए गए थे। घटना के बाद घायल को रीवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बॉडी से दोनों गोलियां भी निकाल दी गई हैं।
घटना रीवा के चोरहटा बायपास स्थित दीप ज्योति मैरिज गार्डन में देर रात 3 की है। विवाद गाड़ी को टक्कर मारने से शुरू हुआ। गोली चलाने वाला शख्स खुद को बाराती और
दूल्हे का जीजा बता रहा था। हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि करने में जुटी है। टीआई राम सिंह बालाघाट में पदस्थ हैं।
रस्में चल रहीं थी, बाहर झगड़ा हो रहा था
राम सिंह ने बताया कि वो मूल रूप से सतना जिले के रामपुर बघेलान के पतुलकी के रहने वाले हैं। रविवार को उनकी बहन की शादी थी। आमेर से बारात आई थी। जय माला की रस्म अदा की जा रही थी। तभी बारात में शामिल एक शख्स ने उनकी गाड़ी को अपनी स्कॉर्पियो से टक्कर मार दी। इसी बात को लेकर राम सिंह के चचेरे भाई विक्रम सिंह की बहस हो गई।
राम सिंह के मुताबिक जब वे मौके पर बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी भड़क गया और उन पर फायर कर दिया। इस घटना में राम सिंह बच गए, लेकिन उनके चचेरे भाई विक्रम सिंह को दो गोलियां लगीं, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली चलाने वाले ने खुद को बाराती बताया
थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि गोली चलाने वाला व्यक्ति अपना नाम दीपक सिंह निवासी हरदुआ बता रहा था। इसके साथ ही उसने रिश्ते में खुद को दूल्हे का जीजा बताया है। पुलिस ने जब संबंधित गांव में उस नाम के व्यक्ति की तलाश की तो ऐसा कोई व्यक्ति वहां नहीं मिला। बाराती पक्ष से पूछताछ कर आरोपी की तलाश जारी है।
एक गोली छाती पर, दूसरी कंधे के पास लगी
परिजन के मुताबिक गाड़ी टकराने के विवाद के बाद कुल 3 राउंड फायरिंग की गई। जिसमें आरोपी ने बीच-बचाव कर रहे टीआई राम सिंह पर पहला फायर किया, जो मिस हो गया। इसके बाद चचेरे भाई विक्रम सिंह को दो गोली मारी। एक गोली छाती पर और दूसरी गोली कंधे के पास लगी है।
कनपटी पर बंदूक रख डिलीट करवाया वीडियो
टीआई राम सिंह के भाई विक्रम सिंह ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया था, जिसमें आरोपी बंदूक लेकर उत्पात मचाता नजर आ रहा था। बदमाश ने विक्रम की कनपटी पर पिस्टल तान दी और वीडियो जबरन डिलीट करवाया। इसके बाद वह फायरिंग करने लगा।