
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाराष्ट्र में महायुति के प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो और जनसभाएं कीं। उन्होंने कलिना में विपक्ष पर तंज कसते हुए महिलाओं और देश की सशक्तिकरण योजनाओं की प्रशंसा की। उन्होंने जनता से महायुति को जिताने का आह्वान किया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को महाराष्ट्र में महायुति के समर्थन में रोड शो और जनसभाओं का आगाज किया। मुंबई में कलिना विधानसभा क्षेत्र में महायुति प्रत्याशी अमरजीत के समर्थन में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। डॉ. यादव ने कहा, “यह केवल अमरजीत का चुनाव नहीं है, बल्कि हर कार्यकर्ता को अमरजीत बनकर काम करना होगा, तभी हमारी जीत सुनिश्चित होगी।”
मुख्यमंत्री ने जय श्री राम के नारे से सभा का उत्साह बढ़ाते हुए विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जैसे ही हम जय श्री राम बोलते हैं, दुश्मनों की छाती जल जाती है। उनके भीतर का भ्रम टूटने लगता है, और हम चाहते हैं कि यह और जोर से हो। डॉ. यादव ने महाराष्ट्र की धरती को छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली और बालासाहेब ठाकरे की कर्मस्थली बताते हुए कहा कि यह वही मुंबई है, जिसका शरीर महाराष्ट्र का और आत्मा उत्तर भारतीयों की है। यही समय है, सही समय है, जब हमें अपने संकल्प को पूरा करना है।
उन्होंने मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए महाराष्ट्र सरकार के कदमों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हाथ में पैसा देकर उन्हें सशक्त बनाना हमारे समाज को मजबूत करने का रास्ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। एक समय था जब ताज होटल में गोलियां चल रही थीं और पाकिस्तान में जश्न मनाया जा रहा था। आज हम आतंकवादियों को उनकी भाषा में जवाब दे रहे हैं।