
रीवा में आउट सोर्स कर्मचारी मेडिकल कॉलेज के बाहर 13 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। जानकारी के मुताबिक, शहर के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज, संजय गांधी अस्पताल, सुपर स्पेशियलिटी सहित अन्य आउट सोर्स कर्मचारियों ने एक बार फिर हड़ताल का रास्ता अपना लिया है।
मौके पर समझाइश देने तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला, अस्पताल अधीक्षक राहुल मिश्रा, अमहिया थाना प्रभारी पहुंचे। उन्होंने हड़ताल समाप्त करवाने की कोशिश की। लेकिन आउट सोर्स कर्मचारी नहीं माने। उन्होंने जवाब में अधिकारियों को अपनी समस्या बताते हुए खरी-खोटी सुना दी। उनका आरोप है कि कंपनी कर्मचारियों का शोषण कर रही है। समय से भुगतान नहीं किया जा रहा है।
पहले भी हड़ताल कर चुके हैं कर्मचारी
बताया गया कि अपनी तेरह सूत्रीय मांगों को लेकर आउटसोर्स कर्मचारी पहले भी हड़ताल कर चुके हैं। पहले उन्हें आश्वासन देकर मना लिया गया था। आउटसोर्स कर्मचारी दीप शिखा ने बताया कि हमारी जो मांगे हैं, उसमें यूडीएस कंपनी की बकाया राशि मुहैया कराने सहित संस्था के सभी अस्थाई कर्मचारियों को ग्रैचुइटी एक्ट 1972 के तहत इसका लाभ देना शामिल है।
इसी तरह से संस्था में चल रही अस्थाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया की जगह पहले से संस्था में काम कर रहे अस्थाई कर्मचारियों को सही जगह देने की मांग है। उन्होंने कहा कि हमें बार-बार आश्वासन दिया जाता है। हड़ताल समाप्त होने के बाद लोगों को चिह्नित कर उनका ट्रांसफर या फिर ड्यूटी से हटाने की धमकी दी जाती है। आउटसोर्स कर्मचारियों का कहना है कि इस बार आर-पार की लड़ाई होगी। जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता। वे हड़ताल पर ही रहेंगे।