
सागर शहर से सटे ग्राम बदौना में एक मकान में बने कुएं में सांप गिर गया। सांप करीब तीन दिनों से कुएं में था। मकान में रहने वालों ने जब कुएं में सांप देखा तो हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल मामले की सूचना स्नेक कैचर बबलू पवार को दी। सूचना मिलते ही गुरुवार शाम को स्नेक कैचर बबलू पवार बदौना पहुंचे। उन्होंने देखा कि करीब 40 फीट गहरे कुएं में सांप है जो पानी में तैर रहा है।
रेस्क्यू के लिए कुएं में उतरने की कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में कांटा डालकर सांप का रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सांप को रेस्क्यू कर सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला गया।
मकान मालिक अमित सेन ने बताया कि सांप करीब 3 दिनों से कुएं में था। वह बाहर निकलने के लिए ऊपर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। लेकिन बार-बार फिसलकर नीचे गिर जाता था। स्नेक कैचर बबलू ने बताया कि रेस्क्यू में पकड़ाया सांप कोबरा प्रजाति का है। वह करीब 4 फीट लंबा है। कोबरा को काफी मशक्कत के बाद कुएं से बाहर निकाला जा सका। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा।