
खनिज विभाग अब अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए हाईटेक तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। जल्द ही जबलपुर जिले में तीन स्थानों पर ई चेक पोस्ट बनाए जाएंगे, जिससे कि अवैध खनन और परिवहन की निगरानी हो सकेगी।
इसके अलावा ड्रोन और सैटेलाइट की मदद से भी अवैध खनन पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी। हालांकि यह प्रस्ताव अभी शासन स्तर पर लंबित है, जल्द ही इस पर भी अमल की बात खनिज अधिकारियों द्वारा की जा रही हैं।
इन स्थानों पर बनेंगे ई चेक पोस्ट
खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जबलपुर के तिलवारा घाट, भेड़ा घाट चौराहा और गोसलपुर के बरनू तिराहे पर ई चेक पोस्ट बनाए जाएंगे। जिनके जरिए खनिज का परिवहन करने वाले वाहनों की जांच हो सकेगी और कैमरे की मदद से इनकी निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में स्वीकृत खदान 190 हैं।
अवैध खनन और परिवहन के 105 प्रकरण बने
खनिज अधिकारी दीक्षित के अनुसार इस वित्तीय वर्ष में अवैध उत्खनन और परिवहन के 105 प्रकरण बने है, जिनसे 60 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया हैं। खनिज विभाग को डेढ़ सौ करोड़ राजस्व वसूली का लक्ष्य मिला है, जिस पर खनिज विभाग 60 करोड़ की राशि वसूली कर चुका हैं।