
रीवा में आज जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिसमें शामिल होने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश संगठन प्रभारी संजय शर्मा रीवा पहुंचे। जहां संगठनात्मक रूप से उन्होंने जिले में पार्टी को मजबूत बनाने और आगामी रणनीति पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
संजय शर्मा ने रीवा में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में संगठन का विस्तार कर रही है। जिसके तहत मैं पहली बार रीवा आया हूं। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में संगठन पर चर्चा हुई है। हम अपने संगठन को मजबूत करेंगे और सरकार की कमियों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।
संजय शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में अपराध चरम है। आज प्रदेश में रेप,हत्या,लूट-पाट जैसे मामले काफी बढ़ गए हैं। वहीं साइबर अपराध में भी बढ़ोतरी हुई है। लोग बढ़ते हुए अपराध की वजह से परेशान हैं। लेकिन उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं। प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। जबकि सरकार अपना संतुलन नहीं बना पा रही है। महिला अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाएं दुखी और परेशान हैं, जबकि सरकार का पूरा ध्यान केवल चुनाव कराने और चुनाव जीतने पर है। जनता की फिक्र सरकार को नहीं है। योजना के नाम पर लोगों को 1200 और दो हजार रूपए का लालच दिया जा रहा है।