
दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र के ग्राम लुहारी में सोमवार की दोपहर घर से खेत जा रहे बच्चे को सड़क किनारे देशी कट्टे मिला। बच्चे ने इस कट्टे काे चलाने का प्रयास किया ताे उसके शरीर में करीब 40 छर्रे लगे। गंभीर रूप से घायल बच्चे काे जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार लुहारी निवासी वेद(13) पिता स्वामी सिंह सोमवार की दोपहर अपने घर से खेत पर साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे उसे एक लोहे की वस्तु दिखाई दी। उसने पास में जाकर देखा तो वह देशी कट्टा था। उसने कट्टे को उठाकर हाथ में लिया।
और उसे चलाने का प्रयास किया तो अचानक गोली चल गई। जिससे उसमें से निकले छर्रे उसके शरीर में जा घुसे। करीब 40 से अधिक छर्रे उसकी छाती के आसपास के हिस्से में घुसने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया। परिजन उसे तत्काल ही जिला अस्पताल लेकर आए। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।