
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में छेड़खानी करने पर एक महिला ने युवक को चप्पल से पीटा। घटना बुधवार शाम की है। इसका वीडियो गुरुवार को वायरल हो रहा है।
दरअसल, तेंदूखेड़ा में जैन मंदिर के पास से महिला गुजर रही थी, तभी दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए कमेंट्स किए। इससे महिला को गुस्सा आ गया। दो में से एक युवक को महिला ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पहले तो महिला ने लात-घूंसे मारे। बाद में चप्पल निकाल कर पिटाई कर दी। हंगामा देख लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया।
पिटाई करते समय महिला ने युवक से कहा यदि उसकी जगह उसकी पत्नी के साथ किसी ने छेड़छाड़ की होती तो वह क्या करता। महिला ने दूर खड़े उसके दोस्त को भी बुलाया, लेकिन वह अपना बचाव करने के लिए वहां से भाग निकला। काफी देर हंगामे के बाद युवक ने महिला से माफी मांगी, तब जाकर महिला ने छोड़ा। युवक तेंदूखेड़ा के नरगवां गांव का रहने वाला है। उसका नाम पता नहीं चला। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।