
जबलपुर के कैलाशपुरी में बीते कुछ दिनों से नकाबपोश बदमाश एक घर पर पथराव कर रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति ने गोरखपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किए तो दो बाइक पर चार नकाबपोश जाते हुए दिखे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार की बेटी से की छेड़छाड़
गोरखपुर थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार के घर पर न सिर्फ पथराव किया गया, बल्कि घर में घुसकर किशोरी से छेड़खानी कर धमकी भी दी गई। घटना के बाद अज्ञात नकाबपोशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
तीन दिन पूर्व भी हुई थी पत्थर बाजी
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी रविवार को कुछ लोग आधी रात में बाइक पर सवार होकर उनके घर पर आए और पथराव किया और गाली गलौज करते हुए भाग गए। पीड़ित परिवार द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दिए गए हैं, जिसमें आरोपी नजर आ रहे थे। लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई। देर रात एक बार फिर उत्पात मचाते हुए बदमाशों ने पथराव किया। इस दौरान किशोरी से छेड़छाड़ भी की गई। किशोरी ने पुलिस को बताया कि जिन व्यक्तियों ने उनके यहां पर पथराव किया है और छेड़छाड़ की है वह उन्हें देखकर पहचान सकती है। फिलहाल गोरखपुर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।