
सागर के दक्षिण वन मंडल से निकले नेशनल हाईवे-44 पर नर तेंदुआ का शव मिला है। तेंदुए के शरीर पर चोटों के निशान हैं। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए जबलपुर वेटरनरी कॉलेज भिजवाया। वन विभाग तेंदुआ की मौत का कारण अज्ञात वाहन की टक्कर से होना बताया जा रहा है। मामले में विभाग की टीम जांच कर रही है।
ढाना रेंज के रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिली थी कि सागर-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे-44 पर स्थित चौपड़ा के पास सड़क पर मृत अवस्था में तेंदुआ पड़ा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जांच शुरू की। मृत नर तेंदुआ करीब 3 से 4 साल का था। मौका स्थिति देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुआ जंगल से निकलकर सड़क पार कर रहा होगा। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
मुंह, खोपड़ी पर मिले चोटों के निशान
तेंदुए के मुंह, खोपड़ी समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान मिले हैं। यहां बता दें करीब 6 साल पहले भी चौपड़ा के पास में नेशनल हाईवे पर एक तेंदुए की मौत हो चुकी है। घटनास्थल के चारों ओर जंगल लगा हुआ है। बिजौरा, रानगिर, बरकोटी, नाहरमऊ और केसली से सिलवानी के जंगल लगे हैं। जिनमें तेंदुआ का विचरण होना आम है।