
ब्रह्मलीन गृहस्थ संत देव प्रभाकर शास्त्री दद्दाजी की पुण्य स्मृति में गृहस्थ संत अनिल शास्त्री महाराज के सानिध्य में विश्व एवं राष्ट्र कल्याण के लिए महाकुंभ तीर्थराज प्रयागराज में सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण, महारुद्र यज्ञ, रुद्रभिषेक का सात दिवसीय आयोजन होगा। आयोजन को लेकर सागर के मकरोनिया में स्थित श्रीराम दरबार मंदिर प्रांगण में बैठक आयोजित हुई। जहां कार्यक्रम की रूपरेखा बनी, जिसमें दद्दा शिष्य मंडल के सभी गुरुभाई, बहन और भक्त मंडल शामिल हुए।
बैठक में बताया कि प्रयागराज कुंभ में 24 से 30 जनवरी तक सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण, महारुद्र यज्ञ, रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में गृहस्थ संत अनिल शास्त्री महाराज ने बताया कि प्रयागराज के कुंभ मेला में 6.15 एकड़ भूमि ही आयोजन के लिए आवंटित होती थी। लेकिन इस वर्ष 12 एकड़ से अधिक भूमि आयोजन के लिए आवंटित हो चुकी है। कुछ दिन पहले जमीन पर यज्ञ का भूमि पूजन, ध्वज स्थापना तीर्थराज प्रयाग में दद्दा शिष्य मंडल के वरिष्ठ गुरु भाई फिल्म अभिनेता राजपाल यादव और दद्दा शिष्य मंडल भारत वर्ष व प्रयागराज के शिष्य मंडल के सदस्यों ने किया है।
शिष्य मंडल के डॉक्टर सुखदेव मिश्र ने कहा कि यज्ञ के दौरान कुंभ मेले में अन्न क्षेत्र घोषित कर दिया गया है 24 घंटे भोजन की व्यवस्था सभी भक्तों को नि:शुल्क रहेगी। प्रयागराज में यज्ञ के लिए व्यवस्थाओं में सहयोग करने के भाव को लेकर शिष्य मंडल के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व मेला प्रबंधन समिति का आभार व्यक्त किया।
बैठक में पंडित केशव महराज, सुखदेव मिश्रा, गुलाब सिंह राजपूत, राजकुमार तिवारी, शैलेश केशवानी, ब्रजेश तिवारी,अभिषेक गौर, गोल्डी ठाकुर, मोहन कुशवाह, माधव कटारे, गुड्ड अग्रवाल, अजय साहू, शाशंक शर्मा, शील चौबे, मधु गुप्ता, चंदन सुहाने, अजय गर्ग समेत बड़ी संख्या में मंडल के सदस्य मौजूद रहे।