
दमोह जिले के पथरिया नगर के वार्ड क्रमांक 6 में शनिवार शाम करीब 4 बजे बरधारी गांव से ट्रैक्टर ट्राली में फर्शी (पत्थर) लेकर जा रही एक ट्राॅली पलट गई। ट्रॉली पर सवार दो मासूम बच्चों में से एक 9 वर्षीय बालिका की मौत हो गई है। 8 वर्षीय छोटा भाई गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार बरधारी गांव निवासी विष्णु कुर्मी अपने मकान निर्माण के लिए पथरिया से पत्थर और सीमेंट लेने के लिए ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर आए थे। उनके साथ उनके दो बच्चे वैशाली (9) और रामगोपाल (8) भी साथ में आए थे। ट्राॅली में पत्थर और सीमेंट लोड कर जब यह लोग यहां से गांव के लिए रवाना हुए, तो कुछ दूर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में ट्रॉली पर बैठे दोनों बच्चे पत्थर और सीमेंट की बोरियों में दब गए। आसपास के लोगों ने मदद करके पत्थर हटाए और दोनों मासूम बच्चों को बाहर निकाला, जिसमें मासूम वैशाली की मौके पर ही मौत हो गई।रामगोपाल को पथरिया स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
खबर मिलते ही पथरिया पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस हादसे के बाद वार्ड क्रमांक 6 में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मासूम रामगोपाल की हालत नाजुक होने पर पथरिया स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया है।

