
सागर में बादल, बारिश के बाद अब कोहरा और शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। नए साल के पहले दिन सागर में कोहरा छाया रहा। ठिठुरा देने वाली सर्दी के साथ नए साल का वेलकम हुआ है। बुधवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा। कोहरे कारण सड़क पर करीब 50 मीटर तक की विजिबिलिटी रही। वाहन चालक लाइट चालू कर आवागमन करते हुए नजर आए। वहीं सर्द हवाएं चलने से कंपकंपा देने वाली सर्दी रही। हवाओं के असर से दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।
बुधवार को न्यूनतम पारा लुढ़ककर 6 डिग्री पर आ गया है। वहीं दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 5 दिनों में सागर के न्यूनतम तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट हुई है। वहीं पिछले 24 घंटों में रात का पारा 2.8 डिग्री लुढ़का है। मौसम विभाग के अनुसार, शीतलहर का दौर सागर में आगामी दो दिनों तक चलने का अनुमान है।
बर्फबारी के असर से और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में बर्फबारी हो रही है। आने वाले दिनों में बर्फ पिघलेगी। जिससे उत्तरी हवाएं चलेगी। जिसके असर से मध्यप्रदेश में ठंड बढ़ेगी। जनवरी का पूरा माह ठंडा रहने की संभावना है। आगामी 10 जनवरी तक कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा। शीतलहर और कोल्ड डे का असर भी रहेगा।
