
दमोह जिले के हटा में अंगीठी ढाबा के पास रविवार रात करीब 9 बजे एक अज्ञात वाहन ने हटा निवासी दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टर ने रोहित कटारिया को मृत घोषित किया
हटा थाना में पदस्थ हवलदार जमीर खान ने बताया कि सूचना मिली थी कि अंगीठी ढाबा के पास एक सड़क हादसे में दो युवक घायल हुए हैं। मौके पर जाकर देखा तो हटा नगर के संजय वार्ड निवासी रोहित पिता लक्ष्मी कटारिया (35) और राम गोपालजी वार्ड निवासी रामजी पिता भगवान दास सोनी (38) घायल अवस्था में पड़े थे।
दोनों सागर से दमोह होते हुए हटा लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों घायलों को हटा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पहुंचते ही ड्यूटी डॉक्टर ने रोहित कटारिया को मृत घोषित कर दिया और दूसरे घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायल का इलाज जारी है, वहीं अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।