
भारतीय जनता पार्टी ने दमोह जिले के लिए नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। लंबे समय से चल रहे घमासान के बाद श्याम शिवहरे को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पद के लिए कुल 47 दावेदार मैदान में थे।
शिवहरे 1992 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में भाजपा के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने दमोह विधानसभा और लोकसभा चुनावों में संयोजक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के करीबी माने जाते हैं।
अन्य प्रमुख दावेदारों में पंचायत एवं सामाजिक न्याय मंत्री प्रहलाद पटेल के करीबी गोपाल पटेल, संघ से जुड़े दीपक उपाध्याय, सतीश तिवारी और वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद कविता राय शामिल थीं।