
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में बुधवार को शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। जिले में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान केवल 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में काफी कम है। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री था, वह बुधवार को गिरकर 18 डिग्री तक पहुंच गया।
भीषण ठंड से सड़कों पर पसरा सन्नाटा
सुबह से शाम तक छाए घने कोहरे के कारण सूर्य के दर्शन नहीं हुए। भीषण ठंड के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा और लोग घरों में दुबके रहे। वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने की मजबूरी रही। कोहरे और ठंड के कारण लोगों के रोजमर्रा के कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुए। शीतलहर से बचने के लिए लोगों ने जगह-जगह अलाव जलाए।
आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की संभावना
दुकानदार और आम नागरिक अलाव के सहारे ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। पिछले चार दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री, सोमवार को 11 डिग्री और 25 डिग्री, मंगलवार को 12 डिग्री और 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।