
दमोह के बांदकपुर स्थित जागेश्वर नाथ धाम में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दिन की शुरुआत मंदिर के पुजारियों द्वारा भगवान भोलेनाथ की भव्य आरती से हुई, जिसके बाद भक्तों के लिए मंदिर के द्वार खोल दिए गए।
हजारों भक्तों ने नर्मदा और गंगा जल चढ़ाया
हजारों श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा और मां गंगा का जल लेकर भोलेनाथ को अर्पण किया। दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी ने भी अपनी आठवीं बरमान-बांदकपुर पदयात्रा पूरी कर अपनी पत्नी के साथ भगवान शिव को नर्मदा जल चढ़ाया।
भक्तों के आवागमन के लिए विशेष मार्ग निर्धारित
जिला प्रशासन के अनुमान के अनुसार, दिन भर में एक लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मंदिर ट्रस्ट कमेटी के साथ मिलकर व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। भक्तों के आवागमन के लिए विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
जागेश्वर नाथ धाम में सुबह लोगों की भीड़ थी, इस बीच धक्का मुक्की में कुछ महिलाओं को चोट आई थी। 5 महिलाओं को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया था, जिसमें से दो को घर भेज दिया गया है और तीन महिलाओं को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर राकेश राय का कहना है कि महिलाओं की हालत सामान्य है।