
सागर के देवरी में जन्मदिन पार्टी में तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्षों से पांच लोग गंभीर घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों की भीड़ थाने पहुंची और मामले में शिकायत की।
जानकारी के अनुसार, देवरी में झुनकू वार्ड स्थित सोनी पेट्रोल पंप के पास से डॉ. शमीर विश्वास के घर में बेटे की जन्मदिन पार्टी चल रही थी। इसी दौरान तेज आवाज में साउंड बज रहा था। पटाखे फोड़े जा रहे थे। तभी सामने रहने वाले आलोक जैन ने उन्हें साउंड कम करने का बोला और इस बात पर झगड़ा हो गया, जो इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। अफरा-तफरी का माहौल बना। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को खदेड़ा। समझाइश देकर मामला शांत कराया।
मारपीट में आलोक जैन, अमित जैन, आकाश कबीरपंथी, नीरज कोरी समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देवरी थाना प्रभारी मीनेश भदोरिया ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ था। शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
केक काट रहे थे, घर आकर मारपीट की
मारपीट में घायल आकाश कबीरपंथी ने बताया कि डॉ. शमीर विश्वास के बेटे का जन्मदिन मना रहे थे। केक कट रहा था। तभी जैन समाज के कुछ लोग आए और मारपीट करने लगे। उनके हाथों में रॉड, तलवार थी। गालीगलौज कर मारपीट की। छोटे साउंड थे जो घर के अंदर बज रहे थे। बाहर आवाज नहीं जा रही थी।
वहीं दूसरी पक्ष से घायल अमित जैन ने बताया कि वह लोग तेज साउंड बजा रहे थे। पटाखा फोड़ रहे थे। हम लोग दो घंटे से परेशान हो रहे थे। थाने में शिकायत की। जिसके बाद उन्होंने पटाखा घर के पास फोड़े। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। वह गालीगलौज करने लगे। फिर दोनों तरफ से गालीगलौज हुई। विवाद में उन्होंने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की।