
सिवनी से एक बाघिन को गुरुवार को दमोह के वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित कर दिया गया है। दरअसल, 4 जनवरी को बाघिन सिवनी पेंच टाइगर रिजर्व के खबासा बफर क्षेत्र में हरदुआ पिपरिया के किसान किशोरी सिंह के खेत में बने कुएं में गिर गई थी। हादसा उस समय हुआ, जब बाघिन एक जंगली सूअर का शिकार कर रही थी। बाघिन के साथ सूअर भी कुएं में गिर गया था।
वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों जानवरों का सफल रेस्क्यू किया। जंगली सूअर को तुरंत आसपास के जंगल में छोड़ दिया गया, जबकि 3 वर्षीय बाघिन को मंगलवार की रात को पूरी सुरक्षा के साथ नौरादेही अभयारण्य में भेजा गया है।
पेंच टाइगर रिजर्व के उप-चालक रजनीश कुमार ने बाघिन के स्थानांतरण को लेकर जानकारी दी है। नौरादेही के प्रभारी उपवन मंडल अधिकारी प्रतीक दुबे ने बताया कि बाघिन को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है, हालांकि सुरक्षा कारणों से फिलहाल सटीक स्थान की जानकारी नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा- एक-दो दिन में इस बारे जानकारी साझा की जाएगी। वर्तमान में रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 20 से अधिक बाघों का निवास है। इस नई बाघिन के आने से रिजर्व की बाघ आबादी में बढ़ोतरी होगी।