
सागर के शाहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बगरोही में सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते दो परिवारों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान हुई मारपीट में गंभीर चोट लगने से 50 वर्षीय परमलाल यादव की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, बहू और बेटा घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने सागर-छतरपुर मार्ग पर चक्काजाम किया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और 11 नामजद आरोपियों पर हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
फरियादी दीपपाल यादव (18) ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता परमलाल, मां रम्बोबाई और भाभी सरोज के साथ खेत से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में पुरानी रंजिश के कारण जगदीश यादव, अर्जुन यादव, अरविंद यादव, विनोद यादव, राजू यादव, राजेश यादव, खिल्लान यादव, दयालु यादव, जाहर यादव, मुन्ना यादव और हल्कन यादव हथियार लेकर आ गए।
तलवार और कुल्हाड़ी से हमला
दीपपाल के अनुसार, आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की। मना करने पर जगदीश यादव ने पिता परमलाल पर तलवार से हमला किया, जो उनके हाथ पर लगी। इसके बाद अन्य आरोपियों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया। बीचबचाव करने पहुंचे दीपपाल, मां रम्बोबाई और भाभी सरोज को भी चोटें आईं।