
पन्ना जिले के उत्तर वन मंडल के धरमपुर वन परिक्षेत्र की पिस्टा बीट में एक तेंदुआ शिकारियों के लगाए गए फंदे में फंस गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह 7 बजे की है।
जंगली जानवरों को फंसाने के लिए लगा था फंदा
जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को फंदे से निकाला। जांच में पता चला कि अज्ञात शिकारियों ने जंगली जानवरों को फंसाने के लिए खेत की बाड़ में फंदा लगाया था। पिस्टा बीट गार्ड राम खगेश पटेल को इस घटना की जानकारी नहीं थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंजर वैभव सिंह ने वन्य प्राणी चिकित्सक, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड को बुलाया है। तेंदुए का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
रेंजर वैभव सिंह ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।