
पन्ना टाइगर रिजर्व में वन्यजीव प्रेमियों को बाघिन पी-151 अपने दो नन्हे शावकों के साथ नजर आई। शुक्रवार को सफारी के दौरान बाघिन को उसके शावकों के साथ पर्यटन जोन मंडला के जुड़ी नाले से होते हुए नदी की ओर जाते देखा गया।
यह दूसरा मौका है जब करीब 2-3 महीने की उम्र के इन शावकों को अपनी मां के साथ सार्वजनिक रूप से देखा गया है। पर्यटकों ने बाघ परिवार को जिप्सियों के बीच से गुजरते और रोड क्रॉस करते हुए देखा और वीडियो बना लिया।
अब तक 9 बच्चों को दिया जन्म
बाघिन पी-151 की प्रजनन क्षमता भी काफी उल्लेखनीय रही है। उसने अपने पहले प्रजनन में एक, दूसरे में दो, तीसरे में चार और अब चौथे प्रजनन में दो शावकों को जन्म दिया है। यह घटना पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों की बढ़ती आबादी का सकारात्मक संकेत है। वर्तमान में बाघिन पी-141 की तरह ही बाघिन पी-151 और उसके शावक भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।