
सागर जिला अस्पताल में दिव्यांगों की सुविधा के लिए अब हर दिन अस्पताल में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। जिसके लिए जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष में व्यवस्था की गई है। कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देश पर दिव्यांगों को यह सुविधा की गई है। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम, सीईओ को भी उनके क्षेत्र में इस संबंध में जानकारी का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि गांव में बने संपर्क ग्रुप में भी इस उक्त जानकारी साझा करें। जिससे दिव्यांग व्यक्ति सुविधा का लाभ ले सकें। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर संदीप जीआर ने कहा कि दिव्यांगजन यदि आपके समक्ष आते हैं तो पूरे सम्मान के साथ उनकी बात सुनें और उनकी समस्या का निराकरण करें।
दरअसल, सागर जिला अस्पताल में अभी प्रत्येक मंगलवार को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाते थे। मंगलवार को मेडिकल बोर्ड लगता था। जिसमें दिव्यांगों की जांच के बाद प्रमाण पत्र दिया जाता था। सप्ताह में एक दिन प्रमाण पत्र बनाए जाने से कई दिव्यांगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। दिव्यांगों की परेशानियों को देखते हुए कलेक्टर ने व्यवस्था में बदलाव कराया है।