
सागर में भानगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बिहरना में मजदूर के सूने मकान में चोरों ने सेंध लगाई। चोर ताला तोड़कर घर में घुसे। घर में अलमारी और पलंग पेटी में रखे सोने-चांदी के गहने और नकद रुपए लेकर भाग गए। परिवार के लोग वापस घर पहुंचे तो वारदात सामने आई। शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, फरियादी राहुल कुशवाहा निवासी बिहरना ने बताया कि घर में मेरे माता-पिता, मैं, पत्नी और दो बच्चे हैं। सुबह करीब 10 बजे मैं बिहरना वेयर हाउस पर मजदूरी करने चला गया था। माता-पिता और पत्नी खेत पर काम करने गई थी। बच्चे स्कूल चले गए। घर पर ताला लगा था। दोपहर करीब 3 बजे मैं बिहरना वेयर हाउस से अपने घर खाना खाने आया तो देखा दरवाजे पर लगा ताला टूटा पड़ा। अंदर पहुंचा तो कमरे में रखी अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी माता-पिता को दी। वह खेत से घर आए। जिसके बाद अंदर पहुंचे तो कमरे में रखी पलंग पेटी भी खुली पड़ी थी।
जिसमें रखी चांदी की पायल 2 जोड़ी, दो सोने के मंगलसूत्र, चांदी की करधनी, बिछिया दो जोड़ी, चांदी वाला गुच्छा एक जोड़ी और 20 हजार रुपए नकद नहीं थे। चोरी होने पर घर के आसपास सामान की तलाश की। लेकिन नहीं मिला। जिसके बाद सोमवार को थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। वारदातस्थल पर जांच कर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए है। मामले में मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पुलिस आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।