
जबलपुर जिला अस्पताल विक्टोरिया में हार्ट पेशेंट के लिए मॉडर्न 2D ईको मशीन से जांच शुरू की गई है। अब मरीजों को हृदय की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध होगी।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा के अनुसार, माइंड्रे कंपनी की यह उच्च श्रेणी की मशीन है, जो हृदय की विस्तृत जांच में सक्षम है। इससे विशेष रूप से सर्जरी से पहले ईको की आवश्यकता वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, जो पहले इस जांच के लिए मेडिकल कॉलेज जाने को मजबूर थे।
मशीन की एक विशेष खूबी यह है कि इसमें लगे विशेष प्रॉब की मदद से नवजात और छोटे बच्चों के जन्मजात हृदय रोगों की भी जांच की जा सकेगी। यह सुविधा अस्पताल के आईसीयू और पीआईसीयू में भर्ती बच्चों के लिए विशेष रूप से लाभदायक होगी।
इस नई सुविधा से न केवल मरीजों का समय और पैसा बचेगा, बल्कि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकेंगी। यह कदम जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण सुधार है, जो आम जनता को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
क्या है 2 D ईको मशीन
2डी इको मशीन, हार्ट की संरचना और कार्यप्रणाली की जांच करने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक अल्ट्रासाउंड स्कैनर है। इसे 2डी इकोकार्डियोग्राफी या हार्ट सोनोग्राम भी कहते हैं। इस टेस्ट में अल्ट्रासाउंड तरंगें हार्ट की अंदरूनी संरचनाओं से टकराकर वापस गूंजती हैं और कंप्यूटर स्क्रीन पर हृदय की चलती छवियां बनाती हैं। इस छवि को इको कार्डियोग्राम कहते हैं।