
छतरपुर में शुक्रवार दोपहर एक खेत में नर कंकाल मिला है। बदबू आने पर गांव के कुछ महिलाओं ने देखा, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। वहीं, एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
मामला छत्रसाल चौराहे स्थित गांधी आश्रम का है। यहां दोपहर 3:15 बजे आश्रम की तीन महिला कर्मचारियों को अरहर की फसल काटते समय एक व्यक्ति का कंकाल जींस पैंट और बेल्ट के साथ दिखाई दिया।
आश्रम की सचिव दमयंती पाणी ने तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि शव लगभग दो से तीन महीने पुराना है। शव की स्थिति को देखते हुए यह स्पष्ट है कि मृतक के हाथ और पैर पूरी तरह सूख चुके हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया है। मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है, क्योंकि गांधी आश्रम जैसी शांत जगह पर इस तरह का मामला सामने आना कई सवाल खड़े करता है।