
सागर के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में दमोह मार्ग पर शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात तेज रफ्तार बस और लोडिंग वाहन में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में लोडिंग वाहन में सवार 5 लोग घायल हुए हैं। जिनमें से ड्राइवर को गंभीर चोटे आई हैं। घायल महाकुंभ स्नान करके प्रयागराज से अपने घर विदिशा लौट रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, सागर-दमोह मार्ग पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास देर रात स्कूल बस क्रमांक एमपी 20 डीए 0435 और पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 40 एलए 2628 में टक्कर हो गई। घटना के बाद बस ड्राइवर और अन्य लोग भाग गए। वहीं पिकअप में सवार 5 लोग घायल हुए। घटना के समय लोडिंग वाहन में करीब 15 लोग बैठे थे। जिनमें महिला, बच्चे और पुरुष शामिल थे।
प्रयागराज से मैहर माता के दर्शन कर लौट रहे थे घायल
गढ़ाकोटा स्वास्थ्य केंद्र के ड्यूटी डॉ. अमन प्रजापति ने बताया कि बस और लोडिंग वाहन की टक्कर में 5 घायल अस्पताल आए हैं। जिनमें से लोडिंग वाहन के ड्राइवर मनोज लोधी को गंभीर चोटे आई हैं। घायल का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर किया है।
वहीं घायल देवेंद्र किरार, रोशनी, खुशी और सुनील किरार निवासी विदिशा का अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। घायल प्रयागराज में कुंभ स्नान कर मैहर माता के दर्शन कर अपने घर विदिशा जा रहे थे। मामले में गढ़ाकोटा पुलिस बस जब्त कर घटना के कारणों की जांच कर रही है।
