
जबलपुर में बीते 24 घंटे में दो लोगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात गढ़ा क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी मौके से फरार हो गए, जानकारी लगते ही गढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बारात में आया था मृतक
दरअसल आधारताल थाना के गायत्री नगर से रजक समाज की बारात गढ़ा शक्ति नगर आई थी। इसी बारात में मृतक अभिषेक रजक भी शामिल हुआ था। बारात स्थल से कुछ ही दूरी पर अभिषेक सड़क किनारे अकेला खड़ा हुआ था। लड़की पक्ष की तरफ से दो युवक करण और अर्जुन रजक विवाह में शामिल हुए थे। किसी बात को लेकर उनका पड़ोस के ही एक लड़के से विवाद हो गया। शोर सुनकर अभिषेक मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे वहां से जाने का कहा, इसी बात को लेकर मृतक और आरोपियों की बहस हो गई, जिसके बाद करण-अर्जुन ने मिलकर अभिषेक की हत्या कर दी।
आधे घंटे पड़ा रहा खून से लथपथ
विवाह स्थल से थोड़ी ही दूरी पर जहां विवाद हुआ था, वहां अंधेरा था। वारदात के बाद दोनों आरोपी तो मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल हालत में अभिषेक काफी देर तक वहीं पर पड़ा रहा। मृतक के भाई शेखर ने जब उसकी तलाश शुरू की तब घटना के बारे में जानकारी मिली। शेखर ने तुरंत परिवार वालों को सूचना दी। आनन-फानन में अभिषेक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांघ और पेट पर किए चाकू से वार
हत्या की जानकारी लगते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंचा और मृतक के परिजनों के बयान लेने के बाद करण-अर्जुन के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एसआई अनिल कुमार का कहना है कि अभिषेक के जांघ और पेट पर चाकू से वार किया गया था, जिसके चलते उसकी मौत हो गई है। आरोपियों के नाम सामने आए हैं, तलाश जारी है।