
वित्तीय वर्ष 2024-25 समाप्त होने वाला है। इसलिए सागर नगर निगम ने नागरिकों को अपने संपत्तिकर, जलकर, दुकानों का किराया, कचड़ा गाड़ी उपभोक्ता प्रभार शुल्क आदि कर जमा करने के लिए अवकाश के दिनों में भी कैश काउंटर खुले रखने का निर्णय लिया है। ताकि शहरवासियों को करों की राशि जमा करने के लिए परेशान न होना पड़े।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने राजस्व अधिकारी ब्रजेश तिवारी को निर्देश दिए हैं कि आज यानी 15 मार्च शनिवार और 16 मार्च रविवार को करों की राशि जमा करने के लिए नगर निगम के कैश काउंटर खोले जाएं। इसके अलावा 31 मार्च तक लगातार अवकाश के दिनों में भी नगर निगम कार्यालय में सभी कैश काउंटर प्रतिदिन की तरह ही खोले जाएं।
समय पर कर जमा नहीं करने पर लगेगी पेनल्टी
वित्तीय वर्ष 2024-25 के समाप्त होने के लिए कुछ ही दिन शेष हैं। 31 मार्च के बाद नगर निगम द्वारा कचरा गाड़ी उपभोक्ता प्रभार शुल्क का बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को पेनल्टी राशि के साथ अपना कचरा गाड़ी का बिल जमा करना होगा। 31 मार्च तक संपत्तिकर की राशि जमा नहीं करने पर शासन नियमानुसार संपत्ति कर की दोगुनी राशि जमा करना होगी।
इसमें किसी भी प्रकार से छूट नहीं दी जाएगी। निगम आयुक्त खत्री ने कहा कि सभी बकायादार वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले 31 मार्च तक संपत्तिकर, कचरा गाड़ी उपभोक्ता प्रभार शुल्क, जलकर, दुकानों का किराया समेत अन्य करों की राशि जमा कराएं।