
बीना की कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को बंपर आवक के कारण व्यवस्था चरमरा गई। मंडी परिसर में जगह कम पड़ने से कर्मचारियों को गेट बंद करना पड़ा। इससे खुरई रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार लग गई।
होली के बाद क्षेत्र में गेहूं और चना की कटाई पूरी होने से किसान बड़ी संख्या में अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। किसानों का आना रात से ही शुरू हो गया था। सुबह तक मंडी परिसर पूरी तरह भर गया। दोपहर 12 बजे तक करीब 10,000 क्विंटल अनाज की आवक हो चुकी थी।
मंडी में व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं। इसके बावजूद कोई सुधार नहीं किया गया। शुक्रवार को भी चौकीदारों को डाक करते देखा गया। चौकीदारों पर पहले भी व्यापारियों से मिलीभगत के आरोप लगते रहे हैं। मंडी कर्मचारियों और व्यापारियों की मिलीभगत से किसानों को नुकसान हो रहा है। कई किसानों की उपज की डाक और खरीदी दोपहर तक नहीं हो सकी।