
रीवा में एक युवती से अभद्रता का वीडियो सामने आया है। इसमें एक युवक, युवती को लगातार थप्पड़ मार रहा है। उसके बाल खींच रहा है। वह कह रहा है- तूने गाली कैसे दी, चल थाने। आसपास खड़े लोग भी उसकी मदद नहीं कर रहे हैं।
घटना का वीडियो शुक्रवार देर रात सामने आया। मामला शहर के ढेकहा स्थित बीजेपी कार्यालय के पास बनी चौपाटी का बताया जा रहा है। घटना कब की है, इसका खुलासा नहीं हुआ है और न ही युवक-युवती का पता चल सका है।
रीवा एसपी विवेक सिंह के निर्देश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कांग्रेस बोली- आरोपी को कड़ी सजा दिलानी चाहिए
महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पांडेय ने कहा- रीवा में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ते ही जा रहे हैं। कुछ महीने पहले हमने गैंगरेप की घटना देखी थी, अब यह घटना भी देख रहे हैं। महिलाओं को सड़क पर निकलने में भी डर लगने लगा है।
चाहे घरेलू हिंसा हो, सड़क पर छेड़छाड़ हो या इस तरह की बर्बरता वाली घटनाएं महिलाओं में डर पैदा कर रही हैं। आज अपराधियों को कानून व्यवस्था का कोई डर नहीं रह गया है। प्रशासन को तुरंत एक्शन लेकर आरोपी को कड़ी सजा दिलानी चाहिए।
वहीं, अधिवक्ता बीके माला ने कहा-
यह घटना सिर्फ एक युवती पर हमला नहीं है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी करारा तमाचा है। क्या पुलिस प्रशासन अब तक आरोपी को गिरफ्तार कर पाया? अगर नहीं तो क्यों नहीं और अगर कर लिया तो आरोपी की जानकारी सार्वजनिक की जाए।
