
जैन तीर्थ क्षेत्र पपौरा में श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान और विश्व शांति यज्ञ की शुरुआत हो गई है। यह आयोजन 24 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत घट यात्रा से हुई। कार्यक्रम स्थल पंडोक शिला पर घट पात्र को विराजमान किया गया। तीर्थ क्षेत्र पपौरा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन के अनुसार, महामंडल विधान प्रतिदिन सुबह 7 से 11 बजे तक होगा। इस धार्मिक अनुष्ठान को पंडित पवन कुमार दीवान कराएंगे। कार्यक्रम में करीब 100 जोड़े भाग लेंगे। समारोह के आयोजक सनत कुमार जैन ने बताया कि इस आठ दिवसीय कार्यक्रम में महामंडल विधान और यज्ञ के साथ प्रवचन भी होंगे। जिले के साथ-साथ पूरे बुंदेलखंड से जैन समाज के लोग इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत में गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर यात्रा में भाग लिया। धार्मिक गीतों पर नृत्य किया और श्रीजी की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की गई।
