
रीवा जिले में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाया गया। ईद उल फितर को लेकर उत्साह सबसे ज्यादा बिछिया मस्जिद में दिखा। जहां एक साथ हजारों लोगों ने नमाज अदा कर ईद का जश्न मनाया। साथ ही एक दूसरे को शुभकामनाएं देकर दुनिया में अमन चैन की दुआएं मांगी।
ईद के त्योहार में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने करीबियों के घर जाकर बधाईयां दी। साथ ही पकवान खाकर त्योहार का लुत्फ उठाते हुए नजर आए। बता दें कि ईद के पहले मुस्लिम समाज के लोगों ने 30 दिन तक रोजे रखे। फिर जैसे ही चांद दिखा तो दूसरे दिन त्योहार मनाया।
बादशाही ईदगाह में सुबह 8 बजे नमाज अदा हुई
शहर भर के 17 स्थानों पर ईद उल फितर का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर काजी मुफ्ती मुबारक अजहरी ने बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक बीहर नदी के तट पर मौजूद मुख्य ईदगाह और बिछिया नदी के तट पर स्थित बादशाही ईदगाह में सुबह 8 बजे नमाज अदा की गई। जहां नमाज अदा करने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी।
वहीं जामा मस्जिद, दाराशाह मस्जिद और जामिया मस्जिद खुटेही में नमाज सुबह साढ़े 8 से साढ़े 9 बजे के बीच अता की गई है। सभी स्थानों पर ईद को लेकर भारी उत्साह नजर आया।