
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन सागर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में चल रहा है। अब तक दो चरणों में 86 हजार से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा चुका है। जांच के पहले सभी शिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद ही मूल्यांकन करने की अनुमति मिलती है।
समन्वय संस्था के प्राचार्य सुधीर तिवारी ने बताया कि मूल्यांकन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई हैं। जिसमें माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। इस दौरान सीसीटीवी से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक दो चरणों में 86 हजार से ज्यादा कॉपियों का मूल्यांकन कार्य हो चुका है।
चौथा चरण 8 अप्रैल से होगा शुरू
तीसरे चरण का मूल्यांकन रविवार से शुरू हुआ है। चौथे चरण में जांच 8 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। प्रथम चरण में कक्षा 10वीं के हिंदी, आईटी विषय का मूल्यांकन किया गया है। वहीं कक्षा 12वीं की हिंदी और अंग्रेजी विषय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। प्राचार्य तिवारी ने बताया कि दूसरे चरण में कक्षा 10वीं की अंग्रेजी, संस्कृत, एग्रीकल्चर और फिजिकल एजुकेशन का मूल्यांकन किया गया है।
12वीं की 40 हजार कॉपियों का हुआ मूल्यांकन
कक्षा 10वीं में 45 हजार 920 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 90 से अधिक मूल्यांकन कर्ता शिक्षकों के द्वारा किया गया है। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में अब तक 40 हजार 80 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा चुका है। इस मूल्यांकन कार्य में 149 शिक्षकों ने कार्य किया है। तीसरे चरण का मूल्यांकन भी 100 शिक्षकों द्वारा किया जा रहा है। इस प्रकार अब तक 350 से अधिक शिक्षक मूल्यांकन कार्य कर रहे हैं।