
सागर नगर निगम आयुक्त के वाहन पर बुधवार को कुर्की का आदेश चस्पा किया गया। कुर्की का आदेश देख हड़कंप मच गया। वाहन को पुराने नगर निगम से नए नगर निगम के भवन में खड़ा कर दिया गया। हालांकि कोर्ट से आए मुंशियों ने निगम कार्यालय में पहुंचकर नगर निगम आयुक्त से कुर्की के आदेश के संबंध में जानकारी दी है। दरअसल, बुधवार दोपहर न्यायालय के कर्मचारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे।
जहां उन्होंने नगर निगम आयुक्त के वाहन पर कुर्की का आदेश चस्पा किया। सूचना मिलते ही निगम के वाहन प्रभारी समेत अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। निगम आयुक्त की गाड़ी पर चस्पा किए गए न्यायालय के कुर्की आदेश पर लिखा है-केस नंबर 353/24 दिनेश कोष्ठी बनाम नगर पालिका निगम, चुकता दावा राशि 661602 रुपए। दिनांक 2 अप्रैल 2025 को कुर्क की गई। वाहन क्रमांक एमपी 15 टी 3899 है।
मामले की जानकारी जुटा रहे
नगर निगम के फायर वाहन प्रभारी शहीद्दीन कुरैशी ने बताया कि अभी यह मामला गहराई से हम लोगों को पता नहीं है। न्यायालय से वाहन कुर्की करने का आदेश दिया गया है। इस संबंध में और जानकारी प्राप्त की जा रही है। जानकारी के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।