
टीकमगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। गांधी चौराहे से करीब 100 मीटर की दूरी पर यह कार्रवाई की गई।
कांग्रेसियों ने चतुराई से काम लिया। उन्होंने एक पुतले के साथ पुलिस का ध्यान दूसरी तरफ भटकाया। इस बीच दूसरे पुतले को गांधी चौराहे के पास जला दिया। पुलिस ने तुरंत पुतले को बुझाने की कोशिश की।
कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सौरभ शर्मा जैसे लोगों के जरिए भाजपा जनता की कमाई लूट रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचारियों को बचा रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि वह इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएगी। पार्टी भाजपा की कथित भ्रष्ट नीतियों का लगातार विरोध करती रहेगी। विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की पुलिस रेडीमेड पुलिस की तरह काम कर रही है। भाजपा सरकार के इशारे पर कांग्रेसियों को डराने का काम किया जा रहा है, लेकिन सरकार के जुल्म के आगे हम झुकने वाले नहीं हैं।
पुलिस के बड़े अधिकारी रहे मौजूद
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए गांधी चौराहे पर एडिशनल एसपी सीताराम ससत्या, एसडीओपी राहुल कटरे सहित देहात थाना प्रभारी पंकज शर्मा और कोतवाली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस दौरान फायर ब्रिगेड भी मौके पर बुलाई गई। पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था के बावजूद कांग्रेसियों ने सीएम का पुतला जला दिया।
इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष इसरार मोहम्मद, कार्यकारी जिला अध्यक्ष गौरव शर्मा, मीडिया प्रभारी राजीव जैन, अशोक जैन क्रांतिकारी, अनीस अहमद, इसराइल खान सहित कांग्रेसी मौजूद रहे।
