
सागर में टाटा प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइनों की मरम्मत कार्य के लिए 12 और 13 अप्रैल को राजघाट परियोजना के पंप का संचालन बंद रहेगा। जिससे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 24 से 48 घंटों तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के निर्देश अनुसार, टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड द्वारा सिविल लाइन चौराहे से विट्ठलनगर टंकी तक डली 400 एमएम ग्रेविटी पाइप लाइन को चार स्थानों पर इंटरकनेक्ट किया जाना हैं। जिसके लिए टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड की मांग अनुसार पाइप लाइनों की मरम्मत के लिए 12 अप्रैल की सुबह 8 बजे से 13 अप्रैल की सुबह 8 बजे तक राजघाट परियोजना के पंप का संचालन बंद रखा जाएगा।
पंप बंद रहने से 12 अप्रैल की सुबह 8 बजे से 13 अप्रैल की सुबह 8 बजे तक 24 घंटे को संपूर्ण शहर की वाटर सप्लाई बंद रहेगी। लेकिन विट्ठल नगर टंकी क्षेत्र, रेलवे कैंट क्षेत्र, शास्त्री वार्ड और सुभाष नगर की सप्लाई आंशिक क्षेत्र में 12 अप्रैल की सुबह 8 बजे से 14 अप्रैल की सुबह 8 बजे तक जल प्रदाय प्रभावित रहेगा। 14 अप्रैल सुबह 8 बजे के बाद से जलप्रदाय पूर्व व्यवस्था अनुसार किया जाएगा।