
सागर के रहली में दीवार गिरने से मलबे की चपेट में आई दो साल की बच्ची की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, लाजवंती उर्फ दर्शिका पिता सत्यविजय पटेल उम्र 2 साल निवासी रहली शनिवार को अपने घर के आंगन में खेल रही थी। कच्चा घर होने से दीवार अचानक ढह गई। दीवार का मलबा दर्शिका के ऊपर गिरा। जिससे वह मलबे में दब गई।
मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला
चिल्लाने की आवाज सुन परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर दर्शिका को बाहर निकाला। तत्काल रहली अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टर ने चेकअप के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर रहली पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा बनाया। पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। वहीं मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।