
दमोह के टोरी गांव में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक युवक पर एक 8 फीट लंबे मगरमच्छ ने जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा कि युवक फसल की थ्रेसिंग के बाद भूपेंद्र रैकवार (24) अपने दो साथियों के साथ ब्यारमा नदी में पैर धोने गया था। इसी दौरान अचानक मगरमच्छ ने युवक भूपेंद्र पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने उसका पैर अपने जबड़े में दबोच लिया और खींचने लगा। भूपेंद्र की चीख सुनकर उसके साथी भारत और नीलेश पहुंचे। दोनों ने पत्थर मारकर मगरमच्छ को भगाया।जिससे भूपेंद्र की जान बच पाई।
घायल भूपेंद्र के मुताबिक, मगरमच्छ लगभग 8 फीट लंबा था। साथी तुरंत घायल भूपेंद्र को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।
दमोह रेंजर विक्रम चौधरी को रात में ही घटना की सूचना मिल गई थी। उन्होंने तत्काल अपने स्टाफ को अस्पताल भेजा और घायल को एक हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई।