
पन्ना जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले तीन दिनों से तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है। लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं। शाम होने के बाद ही लोग जरूरी कामों के लिए बाहर निकल रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि धूप में निकलते समय सफेद या हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। गर्दन, कान और सिर को गमछे से ढककर रखें। रंगीन चश्मे और छतरी का इस्तेमाल करें। खाली पेट धूप में न निकलें और धूप में खड़े होकर व्यायाम न करें।
जिला अस्पताल के मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. प्रदीप द्विवेदी के अनुसार, लू लगने पर मरीज को छायादार जगह में लिटाएं। पानी और ताजा पेय पदार्थों का सेवन कराएं। जीवन रक्षक घोल और कच्चे आम का पना पिलाएं। तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराएं क्योंकि देरी खतरनाक हो सकती है।