
छतरपुर में बागेश्वर धाम से लौट रही पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार 10 लोग घायल हो गए। घटना मंगलवार रात ईसानगर थाना क्षेत्र के गहरवार गांव की है। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। टीआई शैलेंद्र सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ब्रेकर पर अनियंत्रित हुई पिकअप
जानकारी के अनुसार ललितपुर जिले के महरोली गांव से श्रद्धालु सोमवार शाम को बागेश्वर धाम दर्शन के लिए आए थे। मंगलवार देर रात दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पिकअप ब्रेकर पर बेकाबू होकर पलट गई।
राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर आशीष शुक्ला की देखरेख में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। ईसानगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
घायलों में ललितपुर जिले के महरोली गांव के निवासी शामिल हैं। इनमें 45 वर्षीय दिनेश कुमार जोशी, 23 वर्षीय प्रद्युम्न जोशी, 60 वर्षीय भवानी जोशी, 10 वर्षीय इशिका, 26 वर्षीय श्रीराम जोशी, 6 माह के कार्तिक जोशी, 8 वर्षीय छोटू जोशी, 29 वर्षीय राधा जोशी, 30 वर्षीय प्रियंका जोशी और 49 वर्षीय रानी जोशी शामिल हैं।