
कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए विवादित बयान के मामले में गुरुवार को कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ सागर में प्रदर्शन किया। कांग्रेसी तीनबत्ती तिराहे पर जमा हुए। उन्होंने मंत्री शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तीनबत्ती से वह पैदल रैली के रूप में कोतवाली थाने पहुंचे। जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने मंत्री शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर मंत्री पद से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री विजय द्वारा बयान दिया गया। उन्होंने सेना की महिला अधिकारी की ओर इशारा करते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया। उनके इस बयान से पूरे देश के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने कहा कि मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर जो टिप्पणी की, वह बहुत निंदनीय है। कांग्रेस इस वक्त भारत सरकार के साथ है। लेकिन उनके ही मंत्री के द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग एक महिला सेना अधिकारी के खिलाफ करना जघन्य अपराध है। मंत्री विजय शाह को मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त करना चाहिए। उन्हें जल्द मंत्री पद से नहीं हटाया गया तो कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।